��ोसुल (अरबी: الموصل, अल-मोसुल; अंग्रेज़ी: Mosul) उत्तरी इराक़ का एक शहर है और उस देश के नीनवा प्रान्त की राजधानी है। बग़दाद से ४०० किमी पश्चिमोत्तर में स्थित यह शहर दजला नदी के किनारे बसा हुआ है। नदी की पश्चिमी तरफ़ प्राचीन असीरियाई साम्राज्य के नीनवा शहर के खँडहर मौजूद हैं। आधुनिक मोसुल शहर नदी के दोनों तरफ़ विस्तृत है और पाँच पुलों से जुड़ा हुआ है। आबादी के हिसाब से बग़दाद के बाद यह इराक़ का दूसरा सबसे बड़ा नगर है। मोसुल में अरब, कुर्द, आशूरी (असीरियाई) और इराक़ी तुर्कमान लोगों का मिश्रण रहता है। अरबी भाषा में मोसुल के निवासियों को 'मसलावी' कहा जाता है। अंग्रेज़ी में मलमल के कपड़े को 'मसलिन' (muslin) कहा जाता है, जिसका नाम मोसुल पर पड़ा है।
स्रोत: Wikipedia
��िकागो अमरीका के इलिनाय प्रांत का पश्चिम-मध्य में सबसे बड़ा शहर है तीस लाख आबादी वाला यह शहर अमरीका का तीसरा सबसे बड़ी आबादी वाला शहर है। मिशिगन झील के दक्षिणी नोंक पर स्थित शिकागो विश्व का सबसे बड़ा रेलवे जंक्शन है। यहाँ तीस से भी अधिक रेलमार्ग मिलते हैं। मिशिगन झील पर स्थित होने के कारण यह एक उत्तम बन्दरगाह का भी कार्य करता है। यह मक्का पेटी के उत्तरी सिरे पर स्थित है। यह संसार में गल्ला और मांस की सबसे बड़ी मंडी है। यहाँ विश्व के सबसे अधिक पशु काटे जाते हैं। इसी से इसे विश्व का कसाईखाना कहते हैं। यहाँ से मक्का खिलाकर मोटा किये हुए जानवरों को काटकर उनका मांस डिब्बों में भरकर बाहर भेजा जाता है। यहाँ कृषि-यंत्रों, आटा पीसने, कागज, लुग्दी, इस्पात, मोटर गाड़ियों के उपकरण, वायुयान के पुर्जों, वस्त्र एवं जलयान का निर्माण किया जाता है। दक्षिणी शिकागो में तेलशोधक केन्द्र है। शिकागो मेट्रोपालिटिन क्षेत्र जिसे बोलचाल की भाषा में शिकागोलैंड के नाम से भी जाना जाता है अमरीकी परिवहन व्यवस्था, अमरीकी संस्कृति, अमरीकी राजनीति, अमरीकी शिक्षा और अमरीकी अर्थव्यवस्था का एक बड़ा केंद्र है। शिकागो को पश्चिम मध्य अमरीका की व्यवसायिक और सांस्कृतिक राजधानी भी कहते हैं। इस शहर की स्थापना 1833 में लेक मिशिगन एवं मिसिसिपी नदी के बीच की गयी थी। इस क्षेत्र के निकट स्थित गैरी लौह-इस्पात उद्योग का केन्द्र है।
स्रोत: Wikipedia